लक्सर। नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की रकम ठगने के मामले में आरोपितों की तलाश में सहारनपुर पुलिस ने लक्सर में कई स्थानों पर छापेमारी की। पुलिस ने आरोपितों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन वे पुलिस के हाथ नहीं लग सके। काफी तलाश के बाद पुलिस टीम को बैरंग लौटना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले कुछ लोगों ने सहारनपुर जनपद के युवकों को लक्सर स्थित एक फैक्ट्री में नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। नौकरी लगवाने के नाम पर उनसे लाखों रुपये की रकम ली गई। आरोप है कि रकम लेने के बाद युवकों को ज्वाइनिंग लेटर भी उपलब्ध कराए गए। जब युवक नौकरी ज्वाइन करने पहुंचे तो उन्हें हकीकत का पता चला।

जांच करने पर ज्वाइनिंग लेटर फर्जी पाए गए। इसके बाद पीड़ितों ने आरोपितों से अपनी रकम वापस मांगी, लेकिन आरोपितों ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। ठगी का अहसास होने पर पीड़ितों ने सहारनपुर में आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

मामले की जांच के तहत सहारनपुर पुलिस टीम बुधवार को आरोपितों की तलाश में लक्सर पहुंची। टीम ने कई संभावित ठिकानों पर दबिश दी और आसपास के स्थानों पर भी आरोपितों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल सका। काफी प्रयास के बाद पुलिस टीम वापस लौट गई।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version