सोसायटी रोड पर गणपति दरबार में हुई पूजा-अर्चना, दक्षिणी व्यापार मंडल अध्यक्ष बिजेंद्र पांचाल समेत पूरी टीम ने की सहभागिता

लक्सर। गणेश उत्सव के अवसर पर लक्सर के सोसायटी रोड पर 10वें श्री गणेश महोत्सव का भव्य आयोजन शुरू हुआ। गणपति की प्रतिमा स्थापित कर विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।

महोत्सव के आयोजन में डॉ. ए.के. रॉय की अहम भूमिका रही है। उनके प्रयासों से लगातार दसवें वर्ष गणेश महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में दक्षिणी व्यापार मंडल के अध्यक्ष बिचेंद्र पंछाल अपनी पूरी टीम के साथ पहुंचे और भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

इस दौरान सोसायटी रोड व समस्त लक्सर के बाबा के भक्तगण भी बड़ी संख्या में शामिल रहे। श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा के दर्शन किए और पूजा-अर्चना में भाग लेकर आशीर्वाद प्राप्त किया। गणपति बप्पा के जयकारों से आयोजन स्थल का माहौल भक्तिमय हो गया।

बच्चों के लिए होंगे खेल और प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम

गणेश महोत्सव के दौरान बच्चों के लिए भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। चार दिनों तक रोजाना शाम के समय विभिन्न प्रकार के खेल, प्रश्नोत्तरी और ज्ञानवर्धक गतिविधियां कराई जाएंगी। बच्चों से सामान्य ज्ञान एवं बुद्धि-विकास से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे, ताकि मनोरंजन के साथ-साथ उनके ज्ञान और प्रतिभा को भी बढ़ावा मिल सके। कार्यक्रम में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को उपहार देकर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाएगा।

18 सितंबर को हवन, भंडारा और विसर्जन

आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव के समापन अवसर पर 18 सितंबर को प्रातः नौ बजे हवन एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद भगवान श्री गणेश की प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया जाएगा।

10वें श्री गणेश महोत्सव को लेकर लक्सर में श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है और अगले चार दिनों तक सोसायटी रोड पर धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों का सिलसिला जारी रहेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version