लक्सर। क्षेत्र में प्रतिबंधित पशुओं से जुड़े मामलों में की जा रही पुलिस कार्रवाई को लेकर बसपा विधायक मोहम्मद शहजाद ने सवाल उठाए हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि राजनीतिक षड्यंत्र के तहत कुछ निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेजा जा रहा है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

विधायक ने अपने पत्र में कहा कि पिछले करीब एक माह के दौरान लक्सर क्षेत्र में प्रतिबंधित पशुओं के अवैध कटान से संबंधित कई मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उनका आरोप है कि कुछ मामलों में ऐसे लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई, जिनका कथित घटनाओं से कोई संबंध नहीं था।

सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र की कार्रवाई पर भी उठाए सवाल

विधायक ने सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र में हुई घटनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि हिंदू संगठनों के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने रात में तीन-चार लोगों को गिरफ्तार किया। उन्होंने दावा किया कि इनमें कुछ ऐसे लोग भी शामिल थे, जो अपने परिजनों के साथ घर पर मौजूद थे। विधायक ने इस कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है।

‘वास्तविक गिरोहों पर हो कार्रवाई’

मोहम्मद शहजाद ने कहा कि यदि प्रतिबंधित पशुओं के कटान या मांस के अवैध कारोबार में गिरोह सक्रिय हैं तो पुलिस को उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि कार्रवाई कुछ चुनिंदा स्थानों तक ही सीमित क्यों दिखाई दे रही है। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं राजनीतिक दबाव या प्रभाव के चलते निर्दोष लोगों को तो निशाना नहीं बनाया जा रहा।

2022 से अब तक के मामलों की जांच की मांग

विधायक ने वर्ष 2022 से अब तक लक्सर क्षेत्र में गोवंश और प्रतिबंधित पशुओं से संबंधित दर्ज मामलों की भी जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष समीक्षा होने से वास्तविक दोषियों और निर्दोष लोगों के बीच अंतर स्पष्ट हो सकेगा।

विधायक ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मांग की कि यदि जांच में किसी व्यक्ति को गलत तरीके से मुकदमे में फंसाकर जेल भेजे जाने की पुष्टि होती है तो उसे तत्काल राहत दी जाए और वास्तविक आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने राजनीतिक संरक्षण अथवा पुलिस स्तर पर संरक्षण दिए जाने के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version