गन्ना समिति बोर्ड बैठक में कई अहम प्रस्ताव पारित, अनुभागों में केबिन बनाने को भी मिली मंजूरी

लक्सर। सहकारी गन्ना विकास समिति लक्सर की शुक्रवार को आयोजित बोर्ड बैठक में किसानों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें पारित किया गया। बैठक में किसानों को पहले की तरह उधार में खाद उपलब्ध कराने, गन्ना खरीद केंद्रों के निरीक्षण का अधिकार बोर्ड को दिए जाने तथा समिति कार्यालय में अनुभागों के लिए केबिन बनाए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

समिति कार्यालय में सभापति अनुराग चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में बताया गया कि किसानों को उधार में खाद उपलब्ध कराने की अनुमति की समयसीमा 12 अगस्त को समाप्त हो चुकी है। किसानों की सुविधा को देखते हुए बोर्ड ने समयसीमा बढ़ाने और पूर्व की भांति उधार में खाद वितरण जारी रखने का प्रस्ताव पारित किया।

बैठक में बोर्ड सदस्यों ने गन्ना खरीद केंद्रों की व्यवस्थाओं और किसानों की समस्याओं पर भी चर्चा की। सदस्यों ने बोर्ड को गन्ना खरीद केंद्रों का निरीक्षण करने का अधिकार दिए जाने की मांग रखी। इस संबंध में भी प्रस्ताव पारित किया गया।

इसके अलावा समिति कार्यालय में विभिन्न अनुभागों के लिए केबिन बनाए जाने के प्रस्ताव को भी बोर्ड ने मंजूरी प्रदान की।

सभापति अनुराग चौधरी ने कहा कि बैठक में किसानों की समस्याओं के समाधान और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। समिति के विशेष सचिव प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि बोर्ड द्वारा पारित सभी प्रस्तावों को स्वीकृति के लिए गन्ना आयुक्त के पास भेजा गया है।

बैठक में डायरेक्टर सर्वेश देवी, विनलेश देवी, स्वाति, उपासना देवी, नीलकमल, राजवीर सिंह, योगेश कुमार, अखिल पंवार, योगेश, शासन से नामित डायरेक्टर राहुल सैनी व यशवीर सिंह सैनी सहित समिति के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version