लक्सर। प्रसव के दौरान हालत बिगड़ने के बाद देहरादून में उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो गई। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी और सीएमओ के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ऐथल बुजुर्ग स्थित भारत क्लीनिक पर छापा मारकर अस्पताल को सील कर दिया। जांच के दौरान अस्पताल में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। विभाग ने मामले में रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है और अस्पताल संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, लक्सर क्षेत्र के सीधड़ू गांव निवासी एक महिला के परिजन उसे प्रसव के लिए ऐथल बुजुर्ग गांव स्थित भारत क्लीनिक लेकर पहुंचे थे। यहां प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उसे लक्सर के एक अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे देहरादून रेफर कर दिया। देहरादून में उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया।

महिला की मौत की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। टीम ने भारत क्लीनिक पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान अस्पताल में कोई डॉक्टर नहीं मिला। अस्पताल संचालक और स्टाफ भी मौके पर मौजूद नहीं थे। मौके पर केवल एक युवती मिली।

स्वास्थ्य विभाग की जांच में अस्पताल में कई खामियां सामने आईं। आरोप है कि अस्पताल में डिग्रीधारी डॉक्टर की मौजूदगी के बिना ही गर्भवती महिलाओं का प्रसव कराया जा रहा था। वहीं, अस्पताल का पंजीकरण आयुर्वेदिक अस्पताल के रूप में होने के बावजूद यहां एलोपैथिक दवाओं से मरीजों का उपचार किए जाने की बात भी सामने आई।

विभागीय जांच के बाद रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई। इसके बाद जिलाधिकारी और मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देश के बाद शुक्रवार को लक्सर सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सैयद रफी अहमद और डॉ. नलिंद असवाल मौके पर पहुंचे और भारत क्लीनिक को सील कर दिया।

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रफी अहमद ने बताया कि अस्पताल को सील कर दिया गया है। मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। अस्पताल संचालकों को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया जाएगा। जवाब और जांच के आधार पर आगे विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version