240 किलो गोमांस और गोवंश के अवशेष बरामद, तीन आरोपी मौके से फरार

लक्सर। गोकशी की सूचना पर लक्सर कोतवाली पुलिस और गोवंश संरक्षण स्क्वाड की टीम ने गढ़ी संघीपुर गांव में छापेमारी कर दो आरोपितों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान तीन अन्य आरोपी मौके से भागने में सफल रहे। टीम ने मौके से करीब 240 किलो गोमांस, गोवंश के अवशेष और धारदार हथियार बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात गोवंश संरक्षण स्क्वाड के प्रभारी शरद सिंह को गढ़ी संघीपुर गांव में गोकशी किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही उन्होंने लक्सर कोतवाली पुलिस के साथ गांव में एक खेत पर दबिश दी। पुलिस टीम को देखते ही मौके पर मौजूद पांच आरोपी भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दो आरोपितों को पकड़ लिया, जबकि तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पूछताछ में पकड़े गए आरोपितों ने अपने नाम मेहरबान और अब्दुल अजीज, निवासी गढ़ी संघीपुर, बताए। वहीं फरार आरोपितों की पहचान कुर्बान, जावेद और काला, निवासी गढ़ी संघीपुर के रूप में बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक मौके से 240 किलो गोमांस, गोवंश के अवशेष और धारदार हथियार बरामद किए गए। मामले में उपनिरीक्षक शरद सिंह की ओर से पांचों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version