सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत, लक्सर में ट्रैप की कार्रवाई से मचा हड़कंप

लक्सर। कृषि यंत्र खरीदने के लिए मिलने वाली सब्सिडी की फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर दस हजार रुपये की रिश्वत लेना खानपुर ब्लॉक के सहायक कृषि अधिकारी को भारी पड़ गया। विजिलेंस की टीम ने मंगलवार सुबह लक्सर में ट्रैप की कार्रवाई करते हुए सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव को दस हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद विजिलेंस टीम आरोपी अधिकारी को अपने साथ देहरादून ले गई।

जानकारी के अनुसार, खानपुर ब्लॉक के कान्हावाली गांव निवासी एक युवक ने विजिलेंस से शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि उसके भाई ने कृषि यंत्र खरीदने के लिए विभाग से मिलने वाली सब्सिडी के लिए आवेदन किया था। आरोप है कि ब्लॉक में तैनात सहायक कृषि अधिकारी हरिओम यादव ने फाइल पर हस्ताक्षर कर उसे आगे बढ़ाने के एवज में दस हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।

शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस ने मामले की जांच की और आरोप की पुष्टि होने पर ट्रैप की योजना तैयार की। इसके बाद विजिलेंस की टीम लक्सर पहुंची और शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम उपलब्ध कराई गई।

बताया गया कि सुबह के समय शिकायतकर्ता ने लक्सर स्थित केवी इंटर कॉलेज के निकट किराए के मकान में रह रहे सहायक कृषि अधिकारी को जैसे ही दस हजार रुपये दिए, वहां पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथ दबोच लिया।

अचानक हुई विजिलेंस की कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया। टीम ने आरोपी अधिकारी के कमरे की तलाशी लेने के साथ ही उससे काफी देर तक पूछताछ की। कई घंटे तक आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद विजिलेंस टीम आरोपी अधिकारी को अपने साथ देहरादून ले गई। मामले में आगे की कार्रवाई विजिलेंस द्वारा की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version