एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर ग्रामीणों ने लगाया छह लाख से अधिक के गबन का आरोप, जांच की उठाई मांग

लक्सर। महाभारत कालीन पंचलेश्वर महादेव मंदिर की संचालन समिति को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों ने मौजूदा समिति को भंग कर नई समिति का गठन किए जाने की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने समिति पर गंभीर अनियमितताओं और छह लाख रुपये से अधिक की धनराशि के गबन का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीण विनय सैनी, प्रदीप कुमार, कुंवरपाल, अनुज, मनोज, ईश्वरचंद्र, तेजपाल, रतिराम सहित कई ग्रामीणों ने एसडीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि कुछ समय पूर्व पंचलेश्वर महादेव मंदिर के संचालन के लिए तहसीलदार की ओर से एक समिति का गठन किया गया था। आरोप है कि समिति के पदाधिकारियों ने गलत तथ्यों के आधार पर समिति का पंजीकरण कराने का प्रयास किया। इसकी जानकारी ग्रामीणों को होने के बाद पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।

ग्रामीणों का आरोप है कि मंदिर समिति में भ्रष्टाचार कर छह लाख रुपये से अधिक की धनराशि का गबन किया गया है। उनका कहना है कि समिति की ओर से इस धनराशि के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। ग्रामीणों ने मंदिर की आय-व्यय और संपत्ति से जुड़े सभी मामलों की जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने एसडीएम से मांग की कि मौजूदा समिति को तत्काल भंग कर पारदर्शी तरीके से नई समिति का गठन किया जाए, ताकि मंदिर की व्यवस्थाओं और संपत्ति का संचालन सुचारु एवं पारदर्शी तरीके से हो सके।

बताते चलें कि पंचलेश्वर महादेव मंदिर की संपत्ति को खुर्द-बुर्द करने और धन के दुरुपयोग को लेकर पूर्व में भी आरोप लगते रहे हैं। मंदिर से जुड़ा मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। ऐसे में ग्रामीणों की ओर से लगाए गए नए आरोपों के बाद मंदिर समिति का विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version