डीएम मयूर दीक्षित ने जारी किए आदेश, आदेश की अवहेलना पर होगी कड़ी कार्रवाई
हरिद्वार, 4 सितंबर। मौसम विभाग की भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं और बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने 5 सितंबर, शनिवार को हरिद्वार जिले के सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।
भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून की ओर से 4 सितंबर को जारी मौसम पूर्वानुमान में 5 सितंबर को हरिद्वार जिले में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रशासन के मुताबिक लगातार बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की भी संभावना है। ऐसे में किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए एक दिन के लिए सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का निर्णय लिया है।
जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, सभी तहसीलों तथा संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि आदेश की अवहेलना करने वाले विद्यालय या संबंधित विभाग के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
