लक्सर। मुकदमा वापस लेने से इनकार करने पर महिला के साथ गाली-गलौज और लाठी-डंडों से मारपीट करने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने के बाद उसने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने दो महिलाओं समेत पांच आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लक्सर कोतवाली क्षेत्र के सीधड़ू गांव निवासी प्रवेश देवी ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि गांव के ही सचिन आदि के साथ उसका एक मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। आरोप है कि मुकदमे को वापस लेने के लिए आरोपित उस पर लगातार दबाव बना रहे थे।

महिला के अनुसार, 10 जून को वह अपने पति के साथ खेत में चारा लेने गई थी। इसी दौरान आरोपितों ने उसे मुकदमा वापस लेने के लिए कहा। उसके इनकार करने पर आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से उसके साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि आरोपितों ने मुकदमा वापस नहीं लेने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी।

प्रवेश देवी का कहना है कि घटना की शिकायत पुलिस से करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उसे न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने सचिन, बिजेंद्र, नवीन, बती और मोनिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version