लक्सर। विदेश में अच्छी तनख्वाह वाली नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से पांच लाख रुपये हड़पने और उसे रूस भेजकर बंधुआ मजदूरी कराने का मामला सामने आया है। आरोप है कि रूस में युवक को भूखा रखकर जबरन काम कराया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। किसी तरह वहां से निकलकर भारत लौटे युवक ने जब आरोपितों से अपनी रकम वापस मांगी तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

लक्सर कोतवाली क्षेत्र के सेठपुर गांव निवासी शेखर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी लक्सर निवासी एक युवक से दोस्ती थी। आरोप है कि उक्त युवक ने उसे बताया कि उसका एक रिश्तेदार शामली में रहता है और उसकी विदेशों में अच्छी जान-पहचान है। उसने शेखर को रूस में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। नौकरी के बदले हर माह एक लाख रुपये से अधिक वेतन मिलने की बात कही गई।

आरोपितों की बातों पर विश्वास करते हुए शेखर ने विदेश जाने के लिए हामी भर दी। इसके बाद आरोपित युवक और उसके रिश्तेदार ने रूस भेजने के नाम पर उससे पांच लाख रुपये मांगे। शेखर ने विश्वास करके उन्हें पांच लाख रुपये दे दिए। आरोप है कि 29 जुलाई को उसे रूस भेज दिया गया।

पीड़ित का आरोप है कि रूस पहुंचने के बाद उसे नौकरी देने के बजाय आरोपितों के जानकारों के यहां बंधुआ मजदूर की तरह काम करने के लिए मजबूर किया गया। वहां उसे भूखा रखा गया और लगातार काम कराया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। किसी तरह वहां से निकलने में कामयाब होने के बाद शेखर वापस अपने घर पहुंचा।

घर लौटने के बाद 10 अगस्त की शाम शेखर ने लक्सर निवासी आरोपित युवक से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत की और अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि रकम लौटाने के बजाय आरोपित ने उसके साथ गाली-गलौज की और उसे जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि उसके फोन पर भी जान से मरवा देने की धमकी दी गई।

पीड़ित शेखर ने पुलिस से आरोपित युवक और उसके रिश्तेदार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसकी रकम वापस दिलाने और सुरक्षा की मांग की है। लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version