डीएम मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध समाधान के निर्देश, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर भी सख्ती

हरिद्वार, 21 सितंबर। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विभिन्न विभागों से जुड़ी 68 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 32 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के लिए भेजा गया।

जनसुनवाई में भूमि विवाद, राजस्व, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड, पेंशन और सड़क जैसी समस्याएं प्रमुख रहीं। फरियादियों ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता, राशन कार्ड बनवाने, वोटर आईडी अपडेट, भूमि की पैमाइश, सड़क निर्माण और पेंशन बहाली सहित विभिन्न मांगें रखीं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण किया जाए। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

36 दिन से लंबित शिकायतों के निस्तारण के निर्देश

बैठक में सीएम हेल्पलाइन की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। वर्तमान में एल-1 स्तर पर 290 और एल-2 स्तर पर 84 शिकायतें लंबित हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version