लक्सर। स्कूलों की छुट्टी और खुलने के समय नगर क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर पुलिस क्षेत्राधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई है। सीओ ने लक्सर और खानपुर पुलिस को प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों का नगर में प्रवेश पूरी तरह रोकने के सख्त निर्देश दिए हैं।

लक्सर के पुरकाजी-हरिद्वार मार्ग पर रुड़की तिराहे से टायर फैक्ट्री तक दिनभर यातायात का दबाव रहता है। इस मार्ग पर आधा दर्जन से अधिक स्कूल स्थित हैं, जिनमें तीन हजार से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। वहीं, टायर फैक्ट्री में एक शिफ्ट में करीब दो हजार श्रमिक कार्यरत रहते हैं।

दोपहर करीब दो बजे स्कूलों की छुट्टी के साथ ही टायर फैक्ट्री में शिफ्ट बदलने का समय भी होता है। ऐसे में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और श्रमिकों की आवाजाही के कारण मार्ग पर जाम की स्थिति बन जाती है। इसके बावजूद ट्रक, डंपर समेत अन्य भारी वाहन बेरोकटोक मार्ग से गुजरते हैं। इससे जाम के साथ ही सड़क हादसे की आशंका भी बनी रहती है।

सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए स्कूल टाइम में नगर क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया गया था। इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं होने पर सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने नाराजगी जताई। उन्होंने लक्सर और खानपुर पुलिस को प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी रोक लगाने के निर्देश दिए।

सीओ ने बताया कि सुबह 7 से 9 बजे और दोपहर 1 से 3 बजे तक भारी वाहन नगर के प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश नहीं कर सकेंगे। नियम का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version