युवा व मातृशक्ति समाज की दिशा और दशा बदलने की ताकत रखती हैं : सचिन अग्रवाल

लक्सर। लक्सर विधानसभा क्षेत्र में युवाओं और मातृशक्ति को केंद्र में रखकर भाजपा द्वारा दो महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा के प्रदेश सहसंयोजक सचिन अग्रवाल ने कैंप कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि युवा और मातृशक्ति समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की सबसे बड़ी शक्ति हैं।

उन्होंने बताया कि 21 अगस्त को “युवा जोश, नई उड़ान” थीम के तहत रायसी रेलवे क्रॉसिंग से निरंजनपुर तक लगभग पांच किलोमीटर लंबी मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं में ऊर्जा, उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना है। मैराथन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में युवा और नागरिक भाग लेंगे।

इसके अलावा 22 अगस्त से 27 अगस्त तक “मातृशक्ति आशीर्वाद अभियान” चलाया जाएगा। अभियान के अंतर्गत लक्सर विधानसभा क्षेत्र की सभी न्याय पंचायतों में रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से मातृशक्ति का आशीर्वाद प्राप्त करने के साथ-साथ भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

सचिन अग्रवाल ने कहा कि युवा शक्ति और मातृशक्ति किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत होती हैं। इनके सहयोग और मार्गदर्शन से समाज की दिशा और दशा दोनों बदली जा सकती हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों, युवाओं और मातृशक्ति से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की।

कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version