लक्सर। क्लास रूम में सीट पर बैठने को लेकर हुए विवाद के चलते 17 वर्षीय छात्र पर जानलेवा हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने छात्र के पिता की तहरीर पर तीन नामजद समेत एक दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
लक्सर की संत नगर कॉलोनी निवासी विक्रम ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका 17 वर्षीय पुत्र हंस कुमार लक्सर के होली एंजेल स्कूल में कक्षा 11 का छात्र है। 22 जुलाई को क्लास रूम में सीट पर बैठने को लेकर उसकी क्लास में पढ़ने वाले छात्र तोहिद के साथ मामूली कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि स्कूल की छुट्टी के बाद जब हंस घर वापस लौट रहा था तो रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे तोहिद निवासी नगला खिताब, अभिषेक कल्याणी निवासी पिपली तथा वंश निवासी केहड़ा कोतवाली लक्सर तथा 10 – 15 अज्ञात युवक पहले से सड़क पर घात लगाए बैठे हुए थे। जैसे ही वंश यहां से होकर गुजरा उक्त लोगों ने गाली गलौच करते हुए लाठी डंडे व धारदार हथियारों से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरो द्वारा वंश के साथ इस कदर मारपीट की गई कि वह लहुलुहान होकर जमीन पर नीचे गिर पड़ा। हमलावरों ने उसके हाथ तोड़ डाले। आसपास के लोगों के मौके पर आ जाने पर हमलावर उसे अधमरी हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। लक्सर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि घायल छात्र के पिता की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
