13 यात्रियों से भरी मेटाडोर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलटी, छह यात्री घायल, सभी सुरक्षित
लक्सर। लक्सर से हरिद्वार जा रही यात्रियों से भरी एक मेटाडोर गुरुवार दोपहर बेगम पुल के निकट अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे के बाद वाहन में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की तत्परता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना में छह यात्रियों को सामान्य चोटें आईं, जबकि सभी 13 यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।
सामने चल रहे वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने खोया नियंत्रण, पुलिस ने चलाया राहत एवं बचाव अभियान
जानकारी के अनुसार गुरुवार करीब तीन बजे लक्सर से हरिद्वार के लिए रवाना हुई मेटाडोर जैसे ही बेगम पुल के पास पहुंची, चालक ने सामने चल रहे एक वाहन को बचाने का प्रयास किया। इसी दौरान वाहन से उसका नियंत्रण हट गया और मेटाडोर सड़क किनारे खेत में पलट गई।
दुर्घटना होते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए तथा राहत कार्य शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से मेटाडोर को सीधा कराया गया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार मेटाडोर में कुल 13 यात्री सवार थे। हादसे में चांदपाल एवं देवरानी निवासी कलसिया (थाना खानपुर), सुरेंद्र निवासी तुगलपुर कम्हेड़ा, बेबी निवासी मलकपुरा (थाना पुरकाजी, जनपद मुजफ्फरनगर), नेहा निवासी मानवाला (थाना मंडावर, जनपद बिजनौर) तथा दीपांशु निवासी धर्मपुर (थाना खानपुर) को सामान्य चोटें आई हैं।
लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान ने बताया कि चार घायलों का उपचार सुल्तानपुर अस्पताल तथा दो घायलों का इलाज लक्सर अस्पताल में कराया जा रहा है। सभी यात्रियों की हालत सामान्य है और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
