साढ़े चार किलोमीटर लंबे मार्ग का होगा निर्माण व सुधारीकरण, शासन ने पहली किश्त के रूप में जारी किए 10 हजार रुपये

लक्सर। लंबे समय से बदहाल सड़क से जूझ रहे महाराजपुर और गंगदासपुर क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए राहत की खबर है। शासन ने महाराजपुर गांव से गंगदासपुर तक करीब साढ़े चार किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण एवं सुधारीकरण कार्य को स्वीकृति प्रदान कर दी है। सड़क निर्माण के लिए 3.72 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। वहीं, शासन की ओर से पहली किश्त के रूप में 10 हजार रुपये की धनराशि भी जारी कर दी गई है।

महाराजपुर से गंगदासपुर की ओर जाने वाला मार्ग लंबे समय से खस्ताहाल पड़ा हुआ था। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे होने और मार्ग की स्थिति खराब होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीण लंबे समय से सड़क के निर्माण एवं सुधारीकरण की मांग कर रहे थे।

वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गंगदासपुर दौरे के दौरान लक्सर के पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने ग्रामीणों की समस्या को उनके समक्ष रखा था। पूर्व विधायक के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण की घोषणा की थी। घोषणा के बाद से ही ग्रामीण सड़क निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार कर रहे थे।

अब शासन की ओर से सड़क निर्माण के लिए बजट स्वीकृत किए जाने के बाद ग्रामीणों को जल्द ही बदहाल मार्ग से निजात मिलने की उम्मीद जगी है। लक्सर के पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने बताया कि शासन ने सड़क निर्माण के लिए बजट जारी कर दिया है।

शासन के अपर सचिव महावीर सिंह चौहान की ओर से लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि सत्संग भवन महाराजपुर से गंगदासपुर तक साढ़े चार किलोमीटर मार्ग पर नई सड़क के निर्माण एवं सड़क सुधारीकरण कार्य के लिए 3.72 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही प्रथम किश्त के रूप में 10 हजार रुपये की राशि जारी की गई है। बजट स्वीकृत होने के बाद अब सड़क निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version