लक्सर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। नगर क्षेत्र में मतदाताओं की ओर से दर्ज कराई गई आपत्तियों और सामने आई विसंगतियों के मामलों में सुनवाई पूरी होने के बाद संबंधित दस्तावेजों एवं प्रमाणपत्रों को पोर्टल पर अपलोड करने का कार्य भी लगभग पूरा कर लिया गया है। वहीं, निर्वाचन आयोग ने एसआईआर प्रक्रिया की समय-सीमा में संशोधन करते हुए आपत्तियों पर सुनवाई और साक्ष्य उपलब्ध कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 28 सितंबर कर दी है।

एसआईआर के तहत नगर क्षेत्र में कुल 5,120 नोटिस जारी किए गए थे। इनमें चार हजार से अधिक मामले मतदाता सूची में सामने आई विसंगतियों से संबंधित थे, जबकि एक हजार से अधिक मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी थी। इन सभी मामलों में संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया।

प्रदेश में एसआईआर की प्रक्रिया 29 मई से शुरू हुई थी। बीएलओ और बीएलए के प्रशिक्षण के बाद 8 जून से गणना प्रपत्रों के वितरण एवं संकलन का कार्य शुरू किया गया। इसके बाद मतदाताओं की मैपिंग की प्रक्रिया पूरी कर आपत्तियों और विसंगतियों से जुड़े मामलों में नोटिस जारी किए गए।

पहले आपत्तियों पर सुनवाई और साक्ष्य उपलब्ध कराने की अंतिम तिथि 13 सितंबर निर्धारित की गई थी। निर्वाचन आयोग ने अब इसमें संशोधन करते हुए समय-सीमा 28 सितंबर तक बढ़ा दी है। नगर क्षेत्र में सुनवाई के बाद मतदाताओं से प्राप्त दस्तावेजों और प्रमाणपत्रों को पोर्टल पर अपलोड करने का काम भी लगभग पूरा हो चुका है।

पहले नई मतदाता सूची 15 सितंबर को प्रकाशित होनी थी, लेकिन समय-सीमा बढ़ाए जाने के बाद अब संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 3 अक्टूबर को नई मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदाता सूची को अंतिम रूप दिया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version