एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को भेजा ज्ञापन, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग; आंदोलन की चेतावनी

लक्सर। मेरठ में आंदोलनकारियों पर हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर गुर्जर समाज में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बृहस्पतिवार को गुर्जर विकास समिति के बैनर तले बड़ी संख्या में समाज के लोग एकत्रित होकर लक्सर तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर लाठीचार्ज कराने वाले पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

समाज के लोग पहले गुर्जर भवन लक्सर में एकत्रित हुए। इसके बाद समिति अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में जुलूस के रूप में तहसील मुख्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया कि उत्तर प्रदेश के मेरठ में गुर्जर समाज के युवाओं, किसान संगठन एवं भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं द्वारा शांतिपूर्ण आंदोलन किया जा रहा था। आरोप है कि इस दौरान पुलिस प्रशासन ने आंदोलनकारियों पर बर्बर तरीके से लाठीचार्ज किया और उनके साथ लाठी-डंडों व जूतों से मारपीट की गई। घटना को लेकर समाज में भारी रोष है।

समाज के लोगों ने राज्यपाल से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की संस्तुति उत्तर प्रदेश एवं केंद्र सरकार को भेजने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो समाज के लोग उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

इस दौरान समिति महामंत्री सुधीर कुमार, युवा नेता विशाल चौधरी, प्रधान प्रमोद कुमार, कुंवर सिंह, जितेंद्र सिंह, मनीष प्रधान, जयपाल सिंह, चौधरी सहदीप सिंह, देवेंद्र चौधरी, अरुण कुमार, शेर सिंह, रविंद कुमार, संजीव कुमार, कुलदीप कुमार, हुकुम सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version