गूगल व अन्य माध्यमों से जुटाई जानकारी, शिवपुरी से लक्सर पहुंचे परिजन; युवक को सकुशल किया सुपुर्द

लक्सर। 11 दिनों से लापता मानसिक रूप से अस्वस्थ मध्य प्रदेश के युवक को लक्सर जीआरपी ने तलाश कर उसके परिजनों से मिलाकर परिवार के चेहरे पर खुशी लौटा दी। युवक के सकुशल मिलने पर परिजनों ने जीआरपी पुलिस का आभार जताया।

लक्सर जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक राजीव चौहान ने बताया कि शनिवार को पुलिसकर्मी रेलवे स्टेशन पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान प्लेटफार्म संख्या तीन-चार पर एक युवक लावारिस हालत में मिला। युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। पुलिसकर्मी उसे अपने साथ जीआरपी थाने लेकर पहुंचे।

पुलिस ने युवक से सहानुभूतिपूर्वक पूछताछ की तो उसने अपना नाम अरविंद जाटव बताया। पूछताछ में पता चला कि वह मध्य प्रदेश के शिवपुरी जनपद का रहने वाला है और किसी तरह ट्रेन में बैठकर लक्सर पहुंच गया था। युवक पिछले करीब 11 दिनों से लापता था।

जीआरपी टीम ने युवक द्वारा बताए गए पते के आधार पर गूगल सहित अन्य माध्यमों से उसके परिजनों की जानकारी जुटाई और उनसे संपर्क किया। पुलिस ने परिजनों को युवक के लक्सर जीआरपी थाने में मौजूद होने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन लक्सर पहुंचे।

जीआरपी ने आवश्यक जांच-पड़ताल के बाद युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। लंबे समय बाद युवक के सकुशल मिलने पर परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। उन्होंने लक्सर जीआरपी पुलिस की तत्परता और मानवीय पहल के लिए आभार जताया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version