एक साल से एक ही कमरे में चल रही थीं तीन कक्षाएं, अब विद्यार्थियों को मिलेगी बड़ी राहत

लक्सर। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदपुर बुजुर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए राहत भरी खबर है। करीब एक साल से नए भवन का इंतजार कर रहे विद्यालय में अब दो अतिरिक्त कक्षों का निर्माण कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने इसके लिए 22 लाख रुपये का बजट स्वीकृत कर दिया है।

लक्सर ब्लॉक के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय मोहम्मदपुर बुजुर्ग का पुराना और जर्जर भवन करीब एक वर्ष पहले ध्वस्त कर दिया गया था। इसके बाद से नए भवन का निर्माण शुरू नहीं होने के कारण विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा 6, 7 और 8 के छात्र-छात्राओं की पढ़ाई एक ही अतिरिक्त कक्ष में कराई जा रही थी। इससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

विद्यालय में वर्तमान में 79 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जबकि तीन शिक्षक तैनात हैं। लंबे इंतजार के बाद अब जिला प्रशासन ने विद्यालय में दो अतिरिक्त कक्षों के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इसके लिए 22 लाख रुपये का बजट जारी किया गया है।

अतिरिक्त कक्षों का निर्माण ग्रामीण निर्माण विभाग की ओर से कराया जाएगा। विभाग के जेई आकाश जगुड़ी ने बताया कि निर्माण कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। निविदा प्रक्रिया पूरी होते ही विद्यालय में दोनों कक्षों का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
नए कक्षों के निर्माण से विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए पर्याप्त जगह मिल सकेगी और एक ही कमरे में कई कक्षाओं के संचालन की समस्या से भी निजात मिलेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version