लक्सर। लक्सर क्षेत्र के किसानों ने मेरठ से हरिद्वार तक बनने वाले गंगा एक्सप्रेसवे के लिये भूमि नहीं देने का ऐलान किया है। किसानों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन भेजकर गंगा किनारे से एक्सप्रेसवे बनाए जाने की मांग की है। 

           सोमवार को लक्सर तहसील क्षेत्र के कुछ किसान एकत्रित होकर तहसील पहुंचे और जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला को सौंपा। ज्ञापन में किसानों ने बताया कि सरकार मेरठ से हरिद्वार तक गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण करा रही है। इसके लिए लक्सर तहसील क्षेत्र के 12 गांवों में किसानों की भूमि ली जाएगी। लेकिन वह अपनी भूमि नहीं देना चाहते।किसानों ने ज्ञापन में बताया कि उनकी भूमि उपजाऊ है। वह अपनी भूमि पर गन्ने, धान और गेहूं की फसल उगा रहे हैं। यही उनकी और उनकी आने वाली पीढ़ियों के लिए आजीविका का साधन है।

यदि उन्होंने एक्सप्रेसवे के लिए अपनी भूमि सरकार को दे दी तो उनकी आजीविका संकट में आ जाएगी। किसानों ने कहा कि वह हर्गिज अपनी भूमि सरकार को नहीं देंगे। किसानो ने सरकार से गंगा किनारे से एक्सप्रेसवे निकाले जाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में महेंद्र सिंह, ईश्वर चंद सैनी, भानु सैनी, मांगेराम, राकेश कुमार, मुकेश, प्रदीप, प्रमोद, सुशील, सोमपाल, बबलू, रविंद्र, यशपाल, विशाल, सुरेश, नरेंद्र, योगेश आदि कई किसान शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version