लक्सर। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को लक्सर तहसील का औचक निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील कार्यालय के अभिलेखों के रखरखाव, न्यायालयों में लंबित राजस्व वादों, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान, मानसून तैयारियों तथा कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित बुधवार को लक्सर तहसील मुख्यालय पहुंचे तथा उन्होंने तहसील का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को तहसील न्यायालयों में लंबे समय से लंबित राजस्व वादों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किए जाने के निर्देश दिए। जिससे आमजन को समय पर न्याय मिल सके। जिलाधिकारी ने तहसील में समस्याये एवं विभिन्न कार्यों के लिए आने वाले नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किये जाने तथा उनकी शिकायतों का समय से निस्तारण करने को कहा। उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि मतदाता सूची को पूर्णतः त्रुटिरहित एवं पारदर्शी बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि या लापरवाही न बरती जाये। उन्होंने मानसून के दृष्टिगत जलभराव वाले सभी संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखे जाने एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने को कहा। जलभराव की स्थिति होने पर संबंधित विभाग तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करें। जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों के मद्देनजर उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने यातायात, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, सुरक्षा, चिकित्सा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को पूरी तरह चाक-चौबंद रखे जाने के निर्देश दिये। कहा कि कांवड़ मेले में लगने वाले भंडारो को एक ही स्थान पर अनुमति न दी जाए। इसके लिए तीन से चार किलोमीटर की दूरी का अंतर रखा जाए। उन्होंने स्वच्छता अभियान की भी समीक्षा की तथा सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, कार्यालय परिसरों तथा प्रमुख मार्गों पर नियमित सफाई सुनिश्चित किये जाने के निर्देश दिये। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अनिल कुमार शुक्ला, तहसीलदार दीवान सिंह राणा, खंड विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह एवं तहसील कर्मचारी मौजूद रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version