कांग्रेसियों ने लगाया दलित समुदाय के अपमान का आरोप, महेंद्र भट्ट से माफी की मांग
लक्सर। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद किए गए कथित शुद्धिकरण को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयान के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लक्सर में जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बालावाली तिराहे पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पुतला फूंकते हुए जमकर नारेबाजी की और उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने भाजपा पर दलित विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा शासनकाल में दलितों के अपमान और उत्पीड़न की घटनाएं लगातार बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा इस मामले में निंदा करते हुए खेद जता चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा दोबारा आपत्तिजनक बयान दिया गया है।
बालेश्वर सिंह ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता दलित समुदाय के सम्मान से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि जनता आगामी चुनाव में भाजपा को इसका जवाब देगी।
इस दौरान संदीप बसेड़ी, जगदेव सिंह, संजय वर्मा, भगत सिंह, गुफरान अंसारी, सनव्वर अली, लोकेश कुमार, सत्यजीत सिंह, ताहिर हसन, कमलकांत सैनी, विवेक कुमार, रोहित कुमार समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
