लक्सर। महिला को मुकदमा वापस लेने के लिए कथित रूप से जान से मारने की धमकी देने के मामले में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने पांच आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या-1 निवासी सीमा ने न्यायालय में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि 17 जनवरी को गांव के ही सोनू उर्फ पंडित, पटवर्धन, नीटू उर्फ डब्बी, अरुण और जयकाली ने उसके तथा उसके पति के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया था। इस मामले में पहले से मुकदमा दर्ज है और प्रकरण न्यायालय में विचाराधीन है।
महिला का आरोप है कि आरोपित लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। इसके लिए एक मोबाइल नंबर से उन्हें जान से मारने की धमकियां भी दी जा रही थीं। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली।
न्यायालय के निर्देश पर लक्सर पुलिस ने पांचों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
