भैंस दिखाने के बहाने बुलाकर साथियों संग रची थी लूट की साजिश, 10 हजार रुपये बरामद

लक्सर। लक्सर कोतवाली पुलिस ने पशु व्यापारी से एक लाख रुपये की लूट के मामले का सफल खुलासा करते हुए घटना की मास्टरमाइंड महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से लूट की रकम में से 10 हजार रुपये बरामद किए हैं, जबकि उसके चार फरार साथियों की तलाश तेज कर दी गई है।
भगवानपुर थाना क्षेत्र के सिरचंदी गांव निवासी इमरान, जो पशुओं की खरीद-फरोख्त का काम करते हैं, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उनका संपर्क कुआंखेड़ा गांव निवासी कविता नामक महिला से हुआ था। महिला ने पहले उन्हें कुआंखेड़ा में एक भैंस दिखाई और बाद में न्यामतपुर गांव में दूसरी भैंस दिखाने के लिए 14 जुलाई को बुलाया।
इमरान जब न्यामतपुर की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में बाइक सवार चार युवक मिले। उन्होंने कविता का नाम लेकर उन्हें अपने साथ जंगल की ओर चलने को कहा। वहां ले जाकर आरोपितों ने उनके साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और उनके पास मौजूद एक लाख रुपये नकद लूट लिए। आरोपित उनकी मोटरसाइकिल की चाबी भी छीनकर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने कविता समेत चार अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि पूरी वारदात की साजिश कविता ने अपने चार साथियों के साथ मिलकर रची थी। मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद वह गांव छोड़कर फरार हो गई थी।

मंगलवार रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक ठिकाने पर दबिश देकर कविता को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि लूट की एक लाख रुपये की रकम में से 20 हजार रुपये उसके हिस्से में आए थे। पुलिस ने उसके कब्जे से 10 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। महिला ने अपने फरार साथियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
लक्सर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि गिरफ्तार महिला इस लूटकांड की मास्टरमाइंड है। जल्द ही फरार आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान, उपनिरीक्षक दीपक चौधरी, कांस्टेबल पंचम प्रकाश, अजीत तोमर एवं महिला कांस्टेबल किरण शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version