लक्सर। घर में एसी की मरम्मत करने पहुंचे दो युवकों पर महिला का सोने का मंगलसूत्र चोरी करने का आरोप लगा है। पीड़ित महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सुभाष निवासी ग्राम खेड़ी मुबारिकपुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका एसी खराब हो गया था। इसे ठीक कराने के लिए उन्होंने आठ अगस्त को लक्सर के एक मिस्त्री से संपर्क किया था। मिस्त्री ने साहिल और रिहान निवासी खडंजा कुतुबपुर को एसी की मरम्मत के लिए उनके घर भेजा।

आरोप है कि एसी की मरम्मत के दौरान युवकों ने उनकी पत्नी से पानी मांगा, जिस पर वह उन्हें पानी देने गईं। एसी ठीक होने के बाद दोनों युवकों ने मजदूरी के 350 रुपये मांगे। महिला ने उन्हें 400 रुपये दिए तो उन्होंने खुले पैसे लाने के लिए कहा। इस पर महिला ने बाहर से खुले पैसे मंगाकर उन्हें दिए।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसी दौरान कमरे में टीवी ट्रॉली पर रखा सोने का मंगलसूत्र गायब हो गया। महिला का कहना है कि उस समय कमरे में आरोपित युवकों के अलावा कोई अन्य व्यक्ति नहीं आया था, इसलिए उन्हें युवकों पर चोरी का संदेह है।

कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version