परिवार के बाहर जाने का फायदा उठाकर चोरों ने दिया वारदात को अंजाम, घर का सामान भी मिला अस्त-व्यस्त

लक्सर। लक्सर कोतवाली के निकट संतनगर कॉलोनी में चोरों ने एक मकान के ताले तोड़कर 80 हजार रुपये की नकदी और लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की वारदात का पता मकान मालिक के घर लौटने पर चला। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

संतनगर कॉलोनी निवासी सोमपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 15 अगस्त को किसी काम से दूसरे शहर गया हुआ था। उसके स्वजन भी कुछ दिन पहले से घर से बाहर गए हुए थे। 16 अगस्त को जब वह वापस घर लौटा तो मकान के ताले टूटे देखकर उसके होश उड़ गए।

घर के अंदर जाकर देखा तो पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। जांच करने पर घर में रखी 80 हजार रुपये की नकदी गायब मिली। इसके अलावा चोर सोने-चांदी के लाखों रुपये कीमत के जेवरात भी चोरी कर ले गए। चोरी हुए आभूषणों में अंगूठियां, पाजेब, बूंदी सहित अन्य जेवर शामिल बताए गए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही सोमपाल सिंह ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि चोरी के मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version