लक्सर। स्कूल से घर लौट रही तीन नाबालिग किशोरियों को रास्ते में रोककर छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें करने का मामला सामने आया है। विरोध करने पर आरोपितों द्वारा किशोरियों को गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। एक किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी तीन किशोरियां, जिनकी उम्र करीब 14 से 15 वर्ष बताई गई है, 18 अगस्त की दोपहर कॉलेज से पढ़ाई कर घर लौट रही थीं। आरोप है कि रास्ते में पहले से मौजूद तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान एक किशोरी का हाथ पकड़कर तीनों को रोकने के बाद उनके साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें की गईं।

किशोरियों ने जब इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उनके साथ गाली-गलौज की और किसी को शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। किशोरियों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर पहुंचे। लोगों को आता देख तीनों आरोपित वहां से फरार हो गए।

घर पहुंचने के बाद किशोरियों ने घटना की जानकारी अपने स्वजन को दी। इसके बाद स्वजन उन्हें लेकर लक्सर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version