लक्सर। लक्सर रेलवे ओवरब्रिज पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाए जा रहे ट्रक ने पीछे से स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे युवती सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राथमिक उपचार के बाद रुड़की किया गया रेफर
पीड़िता के पिता संजय कुमार, निवासी सोसायटी मार्ग, लक्सर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री अनु कश्यप 27 जुलाई की दोपहर हरिद्वार मार्ग से अपने घर लौट रही थी। जैसे ही वह लक्सर रेलवे ओवरब्रिज पर पहुँची, पीछे से आ रहे एक ट्रक ने तेज गति और लापरवाही से स्कूटी में टक्कर मार दी।हादसे में अनु कश्यप के दोनों पैरों तथा शरीर के ऊपरी हिस्से में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल लक्सर के अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रुड़की रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उनका उपचार जारी है।
पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा, तलाश जारी
पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।
