Demo

जंगल में ले जाकर वारदात को दिया अंजाम, चौथा आरोपी फरार; पुलिस ने शुरू की तलाश

लक्सर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में धार्मिक कार्यक्रम के दौरान नाबालिग किशोरी को सुनसान स्थान पर ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर धार्मिक स्थल के समीप जंगलनुमा सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसने अपने तीन साथियों को भी बुला लिया। चारों आरोपियों ने कथित रूप से किशोरी के साथ दुष्कर्म किया और घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद डरी-सहमी किशोरी किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन किशोरी को लेकर लक्सर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर मामले से अवगत कराया।

पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

सीओ देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है।

Share.
Leave A Reply