हरिद्वार। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर हरिद्वार जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस-प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 4 सितंबर को मंदिरों में होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों, झांकियों और शोभायात्राओं के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने विभिन्न क्षेत्रों में मजिस्ट्रेटों की तैनाती के आदेश जारी किए हैं।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। जिलाधिकारी ने तैनात मजिस्ट्रेटों को पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर शांति एवं सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। किसी भी तरह की अराजकता या माहौल बिगाड़ने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हरिद्वार, रुड़की, लक्सर और भगवानपुर समेत विभिन्न क्षेत्रों में अधिकारियों को कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं एसएसपी को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा बिजली, पेयजल और साफ-सफाई व्यवस्था सुचारु रखने के लिए संबंधित विभागों को भी विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
