Demo

सक्शन मशीन, पंप सेट और जेसीबी से युद्धस्तर पर जल निकासी, लाखों लीटर पानी बाहर निकाला

हरिद्वार, 04 सितंबर। बहादराबाद के सुमननगर क्षेत्र में भारी बारिश के बाद जलभराव की समस्या से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी ताकत झोंक दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार मौके पर डटी हुई हैं। जल निकासी के लिए सक्शन मशीन, पंप सेट और जेसीबी मशीनों को लगाया गया है।

बारिश के बाद जलभराव की शिकायतें मिलने पर जिला आपदा प्रबंधन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों ने तत्काल प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जलभराव वाले स्थानों से प्राथमिकता के आधार पर पानी निकालने तथा प्रभावित नागरिकों को राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

प्रशासन द्वारा जल निकासी के लिए तीन स्तरों पर अभियान चलाया जा रहा है। सक्शन मशीनों के जरिए पानी खींचा जा रहा है, जबकि पंप सेट लगातार संचालित कर जलभराव वाले स्थानों से पानी बाहर निकाला जा रहा है। इसके अलावा जेसीबी मशीनों की मदद से नालियों की खुदाई और सफाई कर जल निकासी के रास्तों को सुचारु किया जा रहा है।

सुमननगर की गली संख्या 3 और 4 में विशेष अभियान चलाते हुए पंप सेट लगाए गए हैं। प्रशासन के अनुसार अब तक पंप सेटों के माध्यम से करीब 35 लाख लीटर, शिविर के माध्यम से 15 लाख लीटर तथा नमामि गंगे की रुड़की शिविर टीम द्वारा करीब 15 लाख लीटर पानी की निकासी की जा चुकी है। जल निकासी का कार्य अभी भी लगातार जारी है।

जिला प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जब तक जलभराव पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता, तब तक राहत एवं जल निकासी अभियान में किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।

प्रशासन की ओर से कहा गया है कि प्रभावित क्षेत्रों में हालात सामान्य होने तक टीमें मौके पर तैनात रहेंगी। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त संसाधनों का उपयोग करते हुए जल निकासी का कार्य जारी रखा जाएगा।

Share.
Leave A Reply