मुंडाखेड़ा के पास हुआ हादसा, एक घायल का अस्पताल में चल रहा उपचार; अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
लक्सर। मुंडाखेड़ा गांव के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। राहगीरों की मदद से दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक को छुट्टी दे दी गई, जबकि दूसरे का उपचार अभी जारी है।
रायसी चौकी क्षेत्र के डुमनपुरी गांव निवासी सुदामा उर्फ बूढ़ा 27 अगस्त की शाम अपने दोस्त अंकित के साथ बाइक से लक्सर से डुमनपुरी गांव लौट रहा था। दोनों जैसे ही मुंडाखेड़ा गांव के निकट पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों बाइक समेत सड़क पर जा गिरे और घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद अंकित को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि सुदामा का अभी उपचार चल रहा है।
सुदामा के भाई इंद्रसैन ने पुलिस को तहरीर देकर अज्ञात कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दुर्घटना के बाद फरार कार चालक की तलाश की जा रही है।
