लक्सर। खड़ंजा कुतुबपुर गांव के निकट रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक किन्नर की मौके पर ही मौत हो गई। साथी किन्नरों के मौके पर पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार की रीति को लेकर हंगामा शुरू हो गया। इस दौरान ग्रामीणों और किन्नरों के बीच मारपीट की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया।
अंतिम संस्कार की रीति को लेकर हुआ विवाद
मंगलवार दोपहर खड़ंजा कुतुबपुर गांव के पास रेलवे लाइन पार करते समय किन्नर ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर उसके साथी किन्नर मौके पर पहुंचे और अपने रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार करने की बात कहते हुए हंगामा करने लगे।
ग्रामीणों और किन्नरों में हुई मारपीट
मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने किन्नरों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस ने समझाकर कराया मामला शांत
सूचना मिलते ही लक्सर कोतवाली पुलिस के साथ आरपीएफ और जीआरपी की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने हंगामा कर रहे किन्नरों और ग्रामीणों को समझाकर स्थिति नियंत्रित की। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
