हाईस्कूल से लेकर परास्नातक तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे प्रतिभाग, जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंचने की अपील
हरिद्वार, 14 सितंबर। जिले के युवाओं के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर है। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के जिला सेवायोजन कार्यालय हरिद्वार की ओर से 16 सितंबर को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला जिला सेवायोजन कार्यालय परिसर में सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश प्रसाद रयाल ने बताया कि रोजगार मेले में हरिद्वार क्षेत्र की करीब सात से आठ औद्योगिक इकाइयों के शामिल होने की संभावना है। हालांकि, प्रतिभाग करने वाली कंपनियों की संख्या में बदलाव संभव है।
करीब 400 पदों पर मिलेगा रोजगार का अवसर
रोजगार मेले के माध्यम से करीब 400 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों के चयन की संभावना है। इसमें हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई फिटर, इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, प्लंबर के साथ ही स्नातक और परास्नातक योग्यता रखने वाले युवा प्रतिभाग कर सकेंगे।
बायोडाटा की दो प्रतियां और प्रमाणपत्र लाना जरूरी
इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे 16 सितंबर को रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अपने बायोडाटा की दो प्रतियां, नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, सभी शैक्षिक योग्यता प्रमाणपत्र और सेवायोजन प्रमाणपत्र अनिवार्य रूप से साथ लेकर पहुंचें।
जिला सेवायोजन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। रोजगार मेले से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी कार्यदिवस में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक जिला सेवायोजन कार्यालय हरिद्वार में संपर्क कर सकते हैं।
