Demo

नशीले कैप्सूल की बिक्री से जुटाई गई 19,550 रुपये की नकदी और मोबाइल भी बरामद, सप्लाई नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

लक्सर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लक्सर पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में पुलिस ने चेकिंग के दौरान नशीले कैप्सूल लेकर जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी संख्या में नशीले कैप्सूल के साथ उनकी बिक्री से प्राप्त नकदी भी बरामद हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत चलाए जा रहे ऑपरेशन लगाम के अंतर्गत क्षेत्र में संदिग्ध लोगों और वाहनों पर नजर रखी जा रही है। शनिवार को चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने एक युवक की गतिविधियां संदिग्ध मिलने पर उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 216 नशीले कैप्सूल बरामद हुए।

पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान आदिल पुत्र इकबाल, निवासी ग्राम गढ़ी संघीपुर, कोतवाली लक्सर के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशीले कैप्सूल की बिक्री और तस्करी में शामिल था। तलाशी के दौरान उसके पास से 19,550 रुपये की नकदी और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया। पुलिस का दावा है कि बरामद नकदी नशीले कैप्सूल की बिक्री से प्राप्त हुई थी।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी को नशीले कैप्सूल की सप्लाई कहां से मिल रही थी और इस कारोबार में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस द्वारा संभावित सप्लाई चैन और नेटवर्क से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश बिष्ट, उपनिरीक्षक सुरेश कुमार सिंह, कांस्टेबल रविन्द्र चौहान और होमगार्ड शुभम कुमार शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply