लक्सर। साइबर अपराधियों ने लोन दिलाने का झांसा देकर एक युवक का बैंक खाता खुलवाया और बाद में उसी खाते का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेनदेन के लिए कर डाला। खाते में महज कुछ दिनों के भीतर 7 लाख 10 हजार 646 रुपये का लेनदेन होने की जानकारी मिलते ही युवक के होश उड़ गए। आनन-फानन में उसने बैंक पहुंचकर अपना खाता फ्रीज कराया और एटीएम कार्ड भी ब्लॉक कराया। मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला लक्सर कोतवाली क्षेत्र के बसेड़ी गांव का है। गांव निवासी गोविंद कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि खानपुर थाना क्षेत्र के लालचंदवाला गांव निवासी बंटी से उसकी पुरानी जान-पहचान थी। बंटी ने उसे बताया कि उसकी अच्छी जान-पहचान है और वह उसे आसानी से लोन दिलवा सकता है। लोन की जरूरत होने के चलते गोविंद उसकी बातों में आ गया और लोन लेने के लिए हामी भर दी।
आरोप है कि 31 जुलाई को बंटी, रोहित निवासी लालचंदवाला और दो अन्य युवक गोविंद को सुल्तानपुर कुन्हारी स्थित उत्तराखंड ग्रामीण बैंक लेकर पहुंचे। वहां आरोपितों ने गोविंद का बैंक खाता खुलवा दिया। आरोप है कि खाता खुलवाने के दौरान आरोपितों ने उसमें अपना मोबाइल नंबर दर्ज करा दिया। इतना ही नहीं, बैंक की पासबुक और एटीएम कार्ड भी अपने पास रख लिए।
गोविंद के मुताबिक, कुछ दिन बाद जब उसने अपने बैंक खाते की जानकारी जुटाई तो उसके होश उड़ गए। उसे पता चला कि पिछले करीब दस दिनों के दौरान उसके खाते से 7 लाख 10 हजार 646 रुपये का लेनदेन हो चुका था। युवक का आरोप है कि खाते में जिस रकम का लेनदेन किया गया, वह साइबर फ्रॉड से संबंधित रकम थी। जानकारी मिलते ही वह तत्काल बैंक पहुंचा और अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया। इसके बाद बैंक ने उसका खाता फ्रीज कर दिया।
हालांकि, इसके बावजूद 12 अगस्त को उसके खाते से एटीएम के माध्यम से रकम निकाले जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद गोविंद ने दोबारा बैंक पहुंचकर अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया। लगातार हो रही गतिविधियों से परेशान युवक ने आखिरकार लक्सर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरे मामले की तहरीर दी और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर रोहित और बंटी, दोनों निवासी ग्राम लालचंदवाला, थाना खानपुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक खाते में हुए लेनदेन, मोबाइल नंबर, एटीएम से हुई निकासी और खाते से जुड़े अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि खाते में आई रकम किन लोगों से संबंधित थी और इस पूरे नेटवर्क में आरोपितों की क्या भूमिका थी।
लक्सर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
