Demo

लक्सर। क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब के निर्माण और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। विभागीय टीम ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 100 लीटर से अधिक कच्ची शराब बरामद की। इसके साथ ही शराब तैयार करने में इस्तेमाल किए जा रहे 850 लीटर से अधिक लहन को मौके पर नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ पांच अभियोग दर्ज किए गए हैं।

आबकारी निरीक्षक हसनैन रजा जाफरी ने बताया कि आबकारी आयुक्त एवं जिलाधिकारी के निर्देश पर लक्सर क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत तीन सितंबर से नौ सितंबर तक टीम ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लगातार दबिश दी। इस दौरान 100 लीटर से अधिक कच्ची शराब बरामद करने के साथ ही शराब बनाने के लिए तैयार किया गया 850 लीटर से अधिक लहन नष्ट किया गया।

उन्होंने बताया कि अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ पांच अभियोग दर्ज किए गए हैं। आबकारी विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध शराब का कारोबार करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।

आबकारी निरीक्षक ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के लिए निगरानी के साथ-साथ छापेमारी और दबिश की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। विभाग ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण या बिक्री होती दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल आबकारी विभाग को दें, ताकि संबंधित लोगों के खिलाफ समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

अभियान में आबकारी निरीक्षक हसनैन रजा जाफरी, उप निरीक्षक गंभीर रावत, कांस्टेबल सन्नी सैनी, मनोज गुप्ता, नकुल तोमर एवं रवि कुमार शामिल रहे।

Share.
Leave A Reply