Demo

मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, नलकूपों की बिजली मुफ्त करने से लेकर गन्ने का भाव ₹600 करने तक उठाईं मांगें

लक्सर। किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर भारतीय किसान संघ ने तहसील मुख्यालय पहुंचकर जोरदार आवाज उठाई। संघ के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष कुशलपाल सिंह के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम उपजिलाधिकारी लक्सर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किए जाने की मांग की गई।

ज्ञापन में प्रदेश के किसानों के लिए निजी नलकूपों की बिजली निःशुल्क करने तथा बिजली बिलों पर लगा सरचार्ज माफ करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके साथ ही अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का शीघ्र मुआवजा देने, कृषि यंत्रों पर सब्सिडी उपलब्ध कराने तथा बुआई से पहले किसानों को खाद और बीज की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।

किसान संघ ने चीनी के बढ़ते दामों को देखते हुए गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल किए जाने की मांग भी रखी। वहीं किसानों की आय बढ़ाने के लिए दूध का भाव 100 रुपये प्रति किलो करने तथा प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की वार्षिक राशि महंगाई के अनुपात में बढ़ाकर 12 हजार रुपये करने की मांग की गई।

किसानों ने जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नदी-नालों पर किए गए अतिक्रमण को शीघ्र हटाने की मांग की। इसके अलावा नीलगाय और आवारा पशुओं से फसलों को हो रहे नुकसान से किसानों को बचाने के लिए प्रभावी व्यवस्था किए जाने की भी मांग ज्ञापन में शामिल रही।

भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समय रहते समाधान नहीं हुआ तो संगठन आगे भी किसानों के हित में आवाज उठाता रहेगा।

Share.
Leave A Reply