शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, आरोपित युवक फरार; पिता की तहरीर पर पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज
लक्सर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में आठ वर्षीय बालक को गन्ने के खेत में खींचकर उसके साथ कुकर्म का प्रयास किए जाने का मामला सामने आया है। बालक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार को बालक का पिता खेत में काम कर रहा था। उसका आठ वर्षीय पुत्र उसे पानी की बोतल देने जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही एक युवक ने बालक को रोक लिया और जबरन पास के गन्ने के खेत में खींच ले गया। वहां युवक ने उसके साथ कुकर्म का प्रयास किया। बालक के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। लोगों को आता देख आरोपित मौके से फरार हो गया।
मौके पर पहुंचे एक ग्रामीण ने बालक को उसके परिजनों तक पहुंचाया। इसके बाद बालक के पिता उसे लेकर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि आरोपित युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
