Demo

लक्सर। गांव में दुकान से घर का सामान लेने जा रहे एक युवक पर पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने हमला कर दिया। मारपीट में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की मां की तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपितों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लक्सर कोतवाली क्षेत्र के खेड़ी मुबारिकपुर गांव निवासी अंजू देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 31 अगस्त की देर शाम उसका पुत्र नाथीराम गांव की एक दुकान पर घर का सामान लेने जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान पुरानी रंजिश के चलते गांव के ही सचिन, सुनील, अनिल, विनय और जोनी ने पीछे से उस पर हमला कर दिया।

तहरीर के अनुसार, विरोध करने पर आरोपितों ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गाली-गलौज की और लाठी-डंडों व सरियों से नाथीराम के साथ मारपीट की। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए लक्सर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांचों आरोपितों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Share.
Leave A Reply