Demo

दीपावली से पहले गन्ने का एक भुगतान करने का प्रयास, पहले गन्ना लेकर पहुंचे तीन किसान सम्मानित

लक्सर। राय बहादुर नारायण सिंह शुगर मिल लक्सर में सोमवार को पेराई सत्र 2026-27 का विधिवत शुभारंभ हो गया। मिल के निदेशक हरिपाल सिंह ने पेराई सत्र का उद्घाटन किया। इस दौरान मिल प्रबंधन ने किसानों से शत-प्रतिशत गन्ना मिल को आपूर्ति करने की अपील की। साथ ही किसानों को समय पर गन्ना मूल्य भुगतान का भरोसा भी दिलाया।

कार्यक्रम में यूनिट के प्रधान प्रबंधक एसपी सिंह ने कहा कि लक्सर चीनी मिल प्रदेश की सर्वाधिक गन्ना पेराई करने वाली मिलों में शामिल है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपना समस्त गन्ना मिल को उपलब्ध कराएं, जिससे पेराई सत्र सुचारू रूप से संचालित हो सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि पिछले वर्ष की तरह इस बार भी किसानों को गन्ने का भुगतान समय पर किया जाएगा। मिल प्रबंधन का प्रयास रहेगा कि दीपावली से पहले किसानों को गन्ने का एक भुगतान कर दिया जाए।

इस अवसर पर मिल के प्रधान गन्ना प्रबंधक बीएस तोमर ने बैलगाड़ी से सबसे पहले गन्ना लेकर मिल पहुंचने वाले तीन किसानों को कंबल, मिठाई और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

पेराई सत्र के शुभारंभ पर किसान आयोग के अध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह, दर्जाधारी श्यामवीर सैनी एवं ओमप्रकाश जमदग्नि, खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, खानपुर विधायक उमेश कुमार की पत्नी एवं जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा, लक्सर गन्ना समिति अध्यक्ष अनुराग चौधरी, इकबालपुर गन्ना समिति अध्यक्ष सुंदर सैनी, लक्सर गन्ना समिति सचिव प्रमेन्द्र सिंह, इकबालपुर गन्ना समिति सचिव रणधीर सिंह सैनी, राहुल सैनी, सियानंद सोलंकी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद क्रेन के माध्यम से गन्ना डालकर पेराई सत्र का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

Share.
Leave A Reply