गेट के दोनों तालों को तोड़कर वारदात को दिया अंजाम, पीड़ित ने पुलिस से की ई-एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग
लक्सर, हरिद्वार। लक्सर तहसील क्षेत्र के बहमपुर गांव में एक पोल्ट्री फार्म में चोरी का मामला सामने आया है। फार्म के गेट के दोनों तालों को तोड़कर चोर कमरे में रखा इन्वर्टर, बैटरी, मोटर समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित ने पुलिस को शिकायत देकर मामले में ई-एफआईआर दर्ज करने और चोरी हुए सामान की बरामदगी की मांग की है।
बहमपुर निवासी सुनीत कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि 21 अक्टूबर 2026 की रात उनके पिता ऋषिपाल सिंह पोल्ट्री फार्म के गेट पर ताला लगाकर घर चले गए थे। अगले दिन 22 अक्टूबर की सुबह करीब 7:30 बजे जब वह फार्म पर पहुंचे तो गेट के दोनों ताले टूटे हुए मिले। फार्म के कमरे में रखा इन्वर्टर, बैटरी, मोटर और अन्य सामान गायब था। चोरी की घटना से उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके पोल्ट्री फार्म में इससे पहले भी दो बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। उन घटनाओं की सूचना भी पुलिस को दी गई थी, लेकिन उनके मुताबिक अब तक न तो चोरों की पहचान हो पाई और न ही चोरी हुए सामान की बरामदगी हो सकी है।
सुनीत कुमार ने पुलिस से मौजूदा चोरी की घटना की जांच करने, अज्ञात आरोपियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने और चोरी हुए सामान को बरामद कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं को भी जांच में शामिल करने का अनुरोध किया है।
