ट्रेनों के आवागमन से बार-बार बंद हुआ फाटक, दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी कतार; राहगीरों को झेलनी पड़ी परेशानी
लक्सर। रक्षाबंधन पर्व पर शुक्रवार को सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से लक्सर-रुड़की मार्ग पर बहादुरपुर रेलवे फाटक के पास यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। ट्रेनों के लगातार आवागमन के चलते फाटक बार-बार बंद होने से उसके दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में फंसने से भाइयों को राखी बांधने जा रही बहनों सहित राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
रक्षाबंधन के चलते सुबह से ही मार्ग पर वाहनों की संख्या सामान्य दिनों के मुकाबले काफी अधिक रही। बहादुरपुर रेलवे फाटक पर ट्रेन आने के दौरान फाटक बंद होने और खुलने के बीच वाहनों का दबाव लगातार बढ़ता गया। चौपहिया वाहनों की अधिक संख्या के चलते स्थिति और विकट हो गई। देखते ही देखते फाटक के दोनों ओर सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जाम में फंसे शिवकुमार, राहुल, ज्ञान प्रकाश, शिवम, मोनू, राजकुमार, श्याम सुंदर और बिनोद आदि ने बताया कि ट्रेनों के आवागमन के कारण फाटक बार-बार बंद और खुल रहा था। इससे वाहनों की कतार लगातार लंबी होती गई। सड़क पर वाहनों के व्यवस्थित तरीके से आगे नहीं बढ़ पाने के कारण जाम की स्थिति बन गई। तेज धूप में काफी देर तक जाम में फंसे रहने से राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ी।
जाम की सूचना मिलते ही लक्सर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालने में जुट गई। पुलिसकर्मियों ने वाहनों को कतारबद्ध कराकर धीरे-धीरे यातायात सुचारु कराया। भीषण गर्मी के बीच यातायात व्यवस्था दुरुस्त कराने में पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
लक्सर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि रेलवे फाटक पर जाम की समस्या को देखते हुए पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। रक्षाबंधन पर्व पर वाहनों का दबाव बढ़ने और रेलवे फाटक से ट्रेनों के लगातार गुजरने के कारण फाटक बंद होने से जाम की स्थिति बनी थी। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुचारु कराया।
