लक्सर। रणसूरा गांव में फायरिंग और जानलेवा हमले के मामले मे फरार आरोपितों के खिलाफ पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई शुरू की है। पुलिस ने आरोपितों के ठिकानों पर कुर्की नोटिस चस्पा कर दिए हैं।
लक्सर कोतवाली के रणसूरा गांव में 13 मई को रंजिश के चलते शमशाद और उसके चाचा शौकीन पर कुछ लोगाे ने फायरिंग कर दी थी। आरोपितों ने दोनों को एक मकान में खींचकर बंधक बनाते हुए उन पर धारदार हथियार और लोहे की राॅड से हमला कर दोनों को बुरी तरह से घायल कर दिया था। पीड़ित पक्ष गुफरान ने आरोपित जाहिद, साजिद, राशिद, हुस्न अली, खुर्शीद, सुभान, मन्नान, आरिफ, इलियास और अनीस के खिलाफ लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। लेकिन घटना के बाद से आरोपित फरार चल रहे हैं। कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई के लिए कोर्ट मे प्रार्थनापत्र दाखिल किया गया था। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद आरोपितों की कुर्की की कार्रवाई शुरू करते हुए उनके ठिकानों पर नोटिस चस्पा किए गए हैं।
