गलत दिशा में आकर दूसरी बाइक को मारी टक्कर, जौलीग्रांट रेफर; आरोपी चालक पर मुकदमा दर्ज
लक्सर। टायर फैक्ट्री के निकट तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चला रहे युवक ने सामने से आ रही दूसरी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे जौलीग्रांट अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लक्सर कोतवाली क्षेत्र के खेड़ी खुर्द गांव निवासी रविंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 अगस्त को उसका भाई किरण कुमार अपने दोस्त अंजीत के साथ बाइक से लक्सर से खेड़ी गांव की ओर जा रहा था। आरोप है कि टायर फैक्ट्री के निकट सामने से तेज गति और लापरवाही से बाइक चलाकर आ रहे खेड़ी मुबारिकपुर निवासी उवेश ने गलत दिशा में आकर उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में किरण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे उपचार के लिए लक्सर के एक नर्सिंग होम लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जौलीग्रांट अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने रविंद्र की तहरीर पर आरोपी उवेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
