लक्सर। रायसी चौकी क्षेत्र में जेसीबी की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद से चालक की पहचान की जा रही है।
कुड़ी नेतवाला गांव निवासी रवि 16 अगस्त की रात बाइक से रायसी से अपने गांव की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज गति से आ रही जेसीबी ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रवि गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया।
घटना की सूचना मिलते ही युवक के स्वजन मौके पर पहुंचे और उसे उपचार के लिए लक्सर अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रवि को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
मामले में मृतक के पिता रामसिंह ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर के आधार पर पुलिस ने जेसीबी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब हादसे के लिए जिम्मेदार चालक की पहचान करने के साथ ही मामले की जांच में जुटी है।
