आग लगाने के प्रयास में युवक झुलसा, उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया; भाई पर जमीन को लेकर विवाद का लगाया आरोप
लक्सर। जमीन को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद से परेशान एक युवक ने मंगलवार शाम लक्सर कोतवाली परिसर में खुद को आग लगाने का प्रयास किया। घटना से पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आग बुझाकर युवक को गंभीर स्थिति में बचा लिया। युवक को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के अनुसार मुंडाखेड़ा खुर्द निवासी नारायण उर्फ नीटू का अपने भाई के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। युवक का आरोप है कि विवादित जमीन को फर्जी तरीके से बैनामा किए जाने को लेकर वह काफी समय से परेशान था। इसी मामले को लेकर सोमवार को गांव में पंचायत भी हुई थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
बताया गया कि मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे युवक मोटरसाइकिल से लक्सर कोतवाली पहुंचा। कुछ देर बाद उसने खुद को आग लगाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों की नजर पड़ते ही तत्काल उसे काबू किया गया और आग बुझाकर उसकी जान बचाई गई। घटना में युवक आंशिक रूप से झुलस गया।
पुलिस ने युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां तहसीलदार दीवान सिंह राणा ने पहुंचकर घायल युवक के बयान दर्ज किए। युवक ने पुलिस को बताया कि जमीन संबंधी विवाद के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोशियारी ने बताया कि युवक की ओर से पूर्व में इस मामले में पुलिस को कोई शिकायत दिए जाने की जानकारी नहीं मिली है। फिलहाल युवक का उपचार कराया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है।
