लक्सर। शिवगढ़ से फूलगढ़ की ओर जाने वाले मार्ग पर गोवंश के अवशेष बरामद होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि शुक्रवार सुबह लक्सर कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर क्षेत्र में शिवगढ़-फूलगढ़ मार्ग पर गोवंश के अवशेष बरामद हुए थे। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और हिंदू संगठन से जुड़े लोगों में आक्रोश फैल गया था। लोगों ने हाईवे जाम कर हंगामा और प्रदर्शन करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की थी।
सूचना पर मौके पर पहुंचे सीओ देवेंद्र सिंह नेगी ने लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया था। पुलिस ने गोवंश के अवशेषों को निस्तारित कराने के दौरान उनके सैंपल जांच के लिए भेजे थे। मामले में पुलिस ने तत्काल अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपितों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी हाथ लगी। इसके बाद पुलिस ने एक ठिकाने पर दबिश देकर पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अपने नाम शमीम कुरैशी और वसीम निवासी सुल्तानपुर तथा मोबिन, मेहताब और तासीन निवासी मोहम्मदपुर कुन्हारी बताए।
पुलिस ने पूछताछ के बाद सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
